लखनऊ | उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली परेड का समय बदल दिया गया है। परेड अब शाम को आयोजित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दोपहर बाद करीब 3:45 बजे पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी के मद्देनजर परेड के समय में बदलाव किया गया है। पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण ने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं और तैयारियों की समीक्षा की है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की संभावना है।
PAC की वर्दी में बदलाव की हो सकती है घोषणा
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) की वर्दी में बदलाव को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं। नई वर्दी को सिविल पुलिस की वर्दी से अलग और विशिष्ट पहचान देने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) की वर्दियों के पैटर्न का अध्ययन किया गया है। हालांकि, नई वर्दी को लेकर अंतिम घोषणा का इंतजार है।
बदायूं में महिला PAC बटालियन पर भी नजर
कार्यक्रम में बदायूं में प्रस्तावित महिला PAC बटालियन को लेकर भी मुख्यमंत्री महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं। इससे पहले 4 जून को हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बदायूं, लखनऊ और गोरखपुर में निर्माणाधीन महिला बटालियनों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए थे। महिला बटालियनों के निर्माण को लेकर सरकार की ओर से संबंधित कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया जा रहा है।
बदायूं में वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश
बदायूं में वीरांगना अवंतीबाई की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए थे। पुलिस स्मृति दिवस के कार्यक्रम में महिला PAC बटालियन और अन्य पुलिस संबंधी घोषणाओं को लेकर नजर रहेगी।