भोपाल: मध्यप्रदेश में राज्य सरकार ने रविवार रात 4 आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में भोपाल और जबलपुर नगर निगम के आयुक्त बदल दिए गए हैं। रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है, जबकि अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है। इन तबादलों के जरिए नगरीय प्रशासन और अन्य विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

भोपाल नगर निगम आयुक्त बनीं संस्कृति जैन की जगह रामप्रकाश अहिरवार
राज्य सरकार के जारी आदेश के मुताबिक, संस्कृति जैन को भोपाल नगर निगम आयुक्त के पद से हटाकर वित्त विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी था।
अब वर्ष 2018 बैच के प्रमोटी आईएएस अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार भोपाल नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे इससे पहले जबलपुर नगर निगम आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। नई नियुक्ति के साथ उन्हें अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
अग्रिम कुमार बने जबलपुर नगर निगम आयुक्त
जबलपुर नगर निगम में भी नए आयुक्त की नियुक्ति की गई है। वर्ष 2020 बैच के आईएएस अधिकारी अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले वे छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।रामप्रकाश अहिरवार के भोपाल स्थानांतरण के बाद अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव से दोनों प्रमुख शहरों के नगर निगमों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है।
अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में जिम्मेदारी
तबादला आदेश में आईएएस अधिकारी अंजू अरुण कुमार की जिम्मेदारी में भी बदलाव किया गया है। उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है।
वे इससे पहले मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी भोपाल के साथ अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम भोपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं। नई नियुक्ति के बाद उनकी जिम्मेदारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में रहेगी।