मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर मुंबई के जुहू इलाके से फायरिंग की खबर सामने आई है। घटना जुहू स्थित पुष्पा पार्क की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन अज्ञात बाइक सवारों ने कथित तौर पर पांच राउंड फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है। वहीं, इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों द्वारा लिए जाने का दावा किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुहू के पुष्पा पार्क में फायरिंग की खबर
मुंबई के जुहू स्थित पुष्पा पार्क में गोलीबारी की घटना सामने आने के बाद इलाके में हलचल मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात बाइक सवार मौके पर पहुंचे और फायरिंग की। बताया जा रहा है कि घटना के समय पार्क में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी और वहां बच्चों समेत कई लोग मौजूद थे। कुछ लोग शाम की सैर के लिए भी पहुंचे थे।गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
फायरिंग में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित, ड्राइवर घायल
फायरिंग की घटना के दौरान टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुट गई हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली
इस फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करने वाले लोगों ने हमले की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम का उल्लेख किया गया है। पोस्ट में टाइगर श्रॉफ को पहले फोन के जरिए चेतावनी देने का भी दावा किया गया।पोस्ट में सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को भी धमकी दी गई है। पुलिस जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हमले के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था।
पहले भी रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी फायरिंग
मुंबई के जुहू इलाके में इससे पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है। उस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया था और पुलिस ने जांच के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।टाइगर श्रॉफ से जुड़ी ताजा घटना के बाद एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान व घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।