भोपाल: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर रोड पर हुए दर्दनाक ट्रक हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 33 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देगी।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर हादसे को हृदयविदारक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। इसके साथ ही गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
घायलों का मुफ्त इलाज, दो मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
सीएम डॉ.मोहन यादव ने स्थानीय अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी घायलों का निशुल्क उपचार कराया जाएगा।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मंत्री ऐदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को तत्काल ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के रहने वाले बताए गए हैं।