कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा सामने आया। सप्तमी की शाम चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अस्पताल के सूत्रों के हवाले से 17 लोगों की मौत की खबर दी गई है, घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
बारिश शुरू होते ही बिगड़े हालात
पुलिस के मुताबिक, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने के बाद भीड़ अचानक आगे बढ़ने लगी। इससे कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर काफी अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बेहोश हो गए और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई।
घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद प्रभावित लोगों को रेस्क्यू कर कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पंडाल का हिस्सा गिरने की भी खबर
शुरुआती जानकारी में चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल के एक हिस्से के ढहने की बात भी सामने आई। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना के दौरान बने हालात और भीड़ के अचानक आगे बढ़ने से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आपबीती
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हादसे के दौरान कई लोग बेहोश हो गए थे। कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों से अस्पताल ले जाते हुए देखा गया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, उस समय इलाके में भारी भीड़ थी और लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
पुलिस कर रही घटना की जांच
पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल भीड़ का दबाव, बारिश के बाद लोगों का अचानक आगे बढ़ना और पंडाल के हिस्से को नुकसान पहुंचने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।