कोलकाता: दुर्गा पूजा के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच कोलकाता और आसपास के इलाकों में शनिवार, 17 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, पूरे शहर में बारिश होने की संभावना नहीं जताई गई है।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री, न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, कोलकाता में शनिवार को अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अलीपुर मौसम केंद्र के अवलोकन के अनुसार, शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में बारिश दर्ज नहीं की गई।
उत्तर बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर बंगाल के बाकी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।