भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (सिया) में प्रशासनिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्राधिकरण के चेयरमैन शिवनारायण सिंह चौहान ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि जानबूझकर उनके कक्ष का इंटरनेट बंद कर दिया गया।
पीए की नियुक्ति और कर्मचारियों की कार्यक्षमता पर उठाए सवाल
चेयरमैन का आरोप है कि कार्यालय में निजी सहायक (पीए) के रूप में पदस्थ रजनीश को टाइपिंग नहीं आती। उन्होंने कार्यालय में कर्मचारियों की कार्यक्षमता और व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है।
एसीएस और सदस्य सचिव पर कार्रवाई की मांग
रिपोर्ट के मुताबिक, चेयरमैन ने पर्यावरण विभाग के अपर मुख्य सचिव अनिरुद्ध मुखर्जी और सिया के सदस्य सचिव हर्ष पंचोली के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग भी उठाई गई है। पत्र की प्रतियां केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को भी भेजे जाने का उल्लेख है।
लिखित आरोपों पर जवाब देने की बात
वहीं, सिया के सदस्य सचिव हर्ष पंचोली ने कहा है कि नियमानुसार चेयरमैन को जो भी प्रशासनिक सहायता मिलनी चाहिए, वह उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि यदि चेयरमैन ने लिखित में कोई आरोप लगाया है या शिकायत की है, तो वे शासन को लिखित में अपना जवाब देंगे। सिया में प्रशासनिक खींचतान के बीच अब मामला उच्च स्तर तक पहुंच गया है। चेयरमैन के आरोपों और संबंधित अधिकारियों के पक्ष के बाद इस विवाद में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।