भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 अक्टूबर को कोटा में हुई सड़क दुर्घटना पर गहन दुख व्यक्त किया है। उन्होंने भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही एक मिनी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई जनहानि पर शोकाकुल परिवारों के प्रति आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म'एक्स' पर कहा कि दुर्घटना अत्यंत ही दु:खद एवं पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से भोपाल एवं बैतूल जिले के निवासी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता एवं हर संभव सहयोग प्रदान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मध्यप्रदेश से खाटूश्यामजी जा रहे थे यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर मध्यप्रदेश से यात्रियों को लेकर राजस्थान के खाटूश्यामजी जा रही थी। वाहन में 25 से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है।दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई है, लेकिन हादसे की अंतिम वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।