जबलपुर | दुर्गोत्सव के दौरान देवी दर्शन के लिए रात में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक की अवधि बढ़ाकर रात 2 बजे तक कर दी गई है। यह व्यवस्था दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन तक लागू रहेगी। यातायात पुलिस के मुताबिक, भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर सुबह 6 बजे से रात 2 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। भीड़ और सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए रात 2 बजे के बाद भी भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से रोका जा सकता है। प्रमुख देवी पंडालों और संकरी सड़कों पर जाम से बचने के लिए कई मार्गों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कुछ स्थानों पर दोपहिया वाहनों को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों और दुर्गा पंडालों के आसपास यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। पंडाल समितियों को श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इन मार्गों पर चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद
रानीताल चौक से गढ़ा फाटक, पड़ाव और मछरहाई जाने वाले मार्गों पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। महाकाली मार्ग पर दोपहिया वाहनों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं को यहां से पैदल जाकर देवी दर्शन करने होंगे। कमानिया गेट और कोतवाली थाने के पास से भी चार पहिया वाहन आगे नहीं जा सकेंगे। सराफा होते हुए चेरीताल तक चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इन रास्तों से डायवर्ट होंगे वाहन
यातायात व्यवस्था के तहत वाहनों को घमापुर चौक, चेरीताल, मिलौनीगंज और हनुमानताल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सराफा चौक से दोनों दिशाओं में दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। सदर क्षेत्र में अंदरूनी मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए पेंटीनाका, चौपाटी और शिवाजी मैदान के पास चार पहिया वाहनों को रोका जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुर्गी मैदान और पेंटीनाका के पास अस्थायी पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं।
यातायात पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
यातायात डीएसपी बैजनाथ प्रजापति ने श्रद्धालुओं से देवी दर्शन के लिए निकलने से पहले मार्गों पर लागू प्रतिबंधों की जानकारी लेने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से जाम के दौरान लेन तोड़कर ओवरटेक नहीं करने की अपील की है। जल्द आगे निकलने की कोशिश में आमने-सामने वाहन आ जाने से जाम और गंभीर हो सकता है। ऐसे में यातायात नियमों का पालन कर श्रद्धालु खुद भी परेशानी से बच सकते हैं और दूसरों की यात्रा भी आसान बना सकते हैं।