भोपाल: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक ट्रक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। हादसे में 13 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
PM मोदी ने हादसे पर जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर मंदिर की ओर बढ़ा ट्रक
ग्वालियर के एसएसपी के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर खड़ी ढलान है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है।इसी दौरान धान से लदा एक ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ गया। ढलान पर ट्रक बेकाबू हो गया और सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में लेते हुए मंदिर के बाहरी गेट और दीवार से जा टकराया।
हादसे में 13 लोगों की मौत, पुलिसकर्मी भी घायल
इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई है। कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के दौरान मौके पर ड्यूटी कर रहे दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और पुलिस बैरिकेडिंग के बावजूद ट्रक मंदिर तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
शीतला माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। ऐसे में प्रतिबंधित मार्ग पर ट्रक का पहुंचना और बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ना सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अहम सवाल खड़े करता है।हादसे के कारणों और ट्रक के बेकाबू होने की परिस्थितियों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।