भोपाल: ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक्शन मोड में आ गए हैं। मुख्यमंत्री ने मामले में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्वालियर हादसे के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए सड़क हादसे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।इसके साथ ही झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि: CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि घटना में जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है। राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि हादसे में घायल सभी लोगों का निशुल्क उपचार कराया जाएगा।
ग्वालियर पहुंचेंगे मंत्री, प्रभावित परिवारों को मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे से प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिले के बताए गए हैं।सरकार की ओर से घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
बाबा महाकाल से घायलों के स्वस्थ होने की प्रार्थना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।