वाराणसी: वाराणसी में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे (NH-19) पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार सभी सात लोग विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद काशी लौट रहे थे। रास्ते में ओवरब्रिज पर गाड़ी खड़ी कर वे रेलिंग के पास खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। स्कॉर्पियो प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही थी। रूपापुर गांव के पास हाईवे के ओवरब्रिज पर कार रोककर उसमें सवार लोग बाहर निकलकर रेलिंग के पास खड़े हो गए थे।इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार के बाहर खड़े लोग ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में कुछ लोग ओवरब्रिज से नीचे भी जा गिरे।
चार लोगों की मौत, तीन गंभीर घायल
हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा के नाम सामने आए हैं। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।घायलों में कन्हैया यादव और निखिल कुमार की पहचान हुई है। तीसरे घायल की पहचान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ओवरब्रिज पर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो और सड़क पर पड़े लोगों को देखकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 27 किलोमीटर दूर मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में हुआ। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक, CCTV से तलाश
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।मौके पर मिली स्कॉर्पियो की तलाशी के दौरान प्रसाद के डिब्बे, नारियल और चुनरी बरामद हुई। इन सामानों के आधार पर माना जा रहा है कि सभी लोग विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे।
सेल्फी लेने के दौरान हुआ हादसा, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि स्कॉर्पियो सवार लोग ओवरब्रिज पर गाड़ी खड़ी कर रेलिंग के पास सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी।