अयोध्या: रामलला के दर्शन की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन सुगम दर्शन पास व्यवस्था में बदलाव करने का फैसला लिया है। नई व्यवस्था के तहत अब श्रद्धालु दर्शन की तारीख से 90 दिन पहले तक पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही सामान्य श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पास की संख्या 975 से बढ़ाकर प्रतिदिन 2,000 कर दी गई है। इससे श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ रेल टिकट, यात्रा और ठहरने की व्यवस्था पहले से करने में सहूलियत मिलेगी। नई व्यवस्था में सात चरणों में अग्रिम बुकिंग और दर्शन वाले दिन तत्काल पास जारी करने का प्रावधान किया गया है।
अब 90 दिन पहले कर सकेंगे सुगम दर्शन पास की बुकिंग
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम दर्शन पास व्यवस्था को अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। अब तक ऑनलाइन सुगम दर्शन पास अधिकतम 15 दिन पहले तक उपलब्ध होते थे, लेकिन नई व्यवस्था में यह अवधि बढ़ाकर 90 दिन कर दी गई है।इस बदलाव से रामलला के दर्शन के लिए दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकेंगे। खासकर त्योहारों, छुट्टियों और अधिक भीड़ वाले दिनों में श्रद्धालुओं को यात्रा और ठहरने की व्यवस्था करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सात चरणों में उपलब्ध होंगे ऑनलाइन दर्शन पास
नई व्यवस्था के तहत पास एक साथ जारी करने के बजाय सात अलग-अलग चरणों में उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए 90, 62, 30, 14, 7, 3 और 1 दिन पहले के चरण निर्धारित किए गए हैं।इन चरणों के अलावा दर्शन वाले दिन तत्काल पास जारी करने का भी प्रावधान किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को बुकिंग के लिए किसी एक निर्धारित तारीख या समय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
रोजाना 975 की जगह मिलेंगे 2,000 ऑनलाइन पास
ट्रस्ट ने सामान्य श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन सुगम दर्शन पास की संख्या में भी बढ़ोतरी की है। पहले प्रतिदिन 975 ऑनलाइन पास उपलब्ध होते थे, जिन्हें अब बढ़ाकर 2,000 प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया है।इस बदलाव से अधिक श्रद्धालुओं को ऑनलाइन पास के माध्यम से दर्शन का अवसर मिल सकेगा। ट्रस्ट श्रद्धालुओं की मांग, बुकिंग की स्थिति और मंदिर में दर्शन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करता रहेगा।
आवेदन के 24 से 48 घंटे में मिलेगी अग्रिम पास की सूचना
नई व्यवस्था में ऑनलाइन बुकिंग के दुरुपयोग को रोकने के लिए सत्यापन आधारित प्रणाली विकसित की जा रही है। अग्रिम पास के लिए आवेदन करने के बाद उसकी तत्काल पुष्टि नहीं होगी। आवेदन का तकनीकी सत्यापन किया जाएगा और सामान्यतः 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने संबंधी निर्णय की सूचना दी जाएगी।ध्यान देने वाली बात यह है कि आवेदन जमा करना पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा। श्रद्धालुओं को पास जारी होने की सूचना मिलने के बाद ही अपनी बुकिंग को सुनिश्चित मानना चाहिए।
सुगम दर्शन पास पूरी तरह निशुल्क
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है। श्रद्धालुओं को पास बनवाने के नाम पर किसी व्यक्ति को पैसे देने की जरूरत नहीं है।यदि कोई व्यक्ति पास दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है या वसूली करता है, तो श्रद्धालु इसकी शिकायत सीधे ट्रस्ट तक कर सकेंगे। इसके लिए प्रत्येक पास पर शिकायत संबंधी जानकारी प्रमुखता से अंकित करने की व्यवस्था की जा रही है।
शिकायत के लिए मोबाइल नंबर होगा सक्रिय
ट्रस्ट के अनुसार, शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर 8009522111 को आगामी एक सप्ताह में सक्रिय करने की तैयारी है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पास के नाम पर होने वाली अवैध वसूली पर रोक लगाना और श्रद्धालुओं की शिकायतों को सीधे ट्रस्ट तक पहुंचाना है।
ट्रस्ट ने अधिकारियों के साथ की व्यवस्था की समीक्षा
सुगम दर्शन पास व्यवस्था में बदलाव का निर्णय ट्रस्ट के महासचिव ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया है। इस संबंध में सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), आईटी विभाग और ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।नई व्यवस्था के प्रशासनिक क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य दर्शन पास की उपलब्धता बढ़ाने, बुकिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित करने और ऑनलाइन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना है।