शिवसेना (UBT) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के अपने बूते चुनाव लड़ने की घोषणा करने और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से TMC के दूरी बनाये रखने के मद्देनजर विपक्षी एकजुटता के लिए कांग्रस से कदम उठाने के लिए कहा है। शिवसेना (UBT) ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में इस बात पर जोर दिया कि, अरविंद केजरीवाल को ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा बने रहने के लिए मनाने की जरूरत है।
मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में आगे कहा गया है कि, पश्चिम बंगाल में TMC प्रमुख ममता बनर्जी कांग्रेस से दूरी रखकर राजनीति करने की कोशिश कर रही हैं। अब आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल भी उसी राह पर जा रहे हैं। इस संबंध में कांग्रेस को आत्मनिरीक्षण करने और (विपक्ष की) एकजुटता के लिए कदम उठाने की जरूरत है।
आप- कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी
आपको बता दें कि, रविवार को दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावना से इनकार कर दिया। दरअसल, आम आदमी पार्टी ( आप ) और कांग्रेस ने साल 2024 का लोकसभा चुनाव ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में साथ मिलकर लड़ा था।
कांग्रेस को कड़ी मेहनत करनी- सामना
मुखपत्र ''सामना' में कहा गया है कि, अगर आम आदमी पार्टी जैसा दल, जो ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है, दिल्ली विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का आह्वान करता है, तो कांग्रेस को कड़ी मेहनत करनी होगी ताकि अन्य राज्यों में ऐसा न हो। आगे कहा गया है कि, दिल्ली में किये गए अपने काम की वजह से आम आदमी पार्टी पंजाब चुनाव जीत सकती है। आप ने पंजाब में कांग्रेस को हराया तथा राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस और भाजपा को रोका।
आम आदमी पार्टी अब क्षेत्रीय पार्टी नहीं रही
उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना ने यहां आगे कहा है कि, भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) विरोधी गठबंधन में आम आदमी पार्टी का होना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने आगे यह भी कहा कि, आम आदमी पार्टी अब क्षेत्रीय पार्टी नहीं रही क्योंकि इसने अन्य राज्यों में भी अपना विस्तार कर लिया है।
Comments (0)