दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र के किलोकरी गांव में सोमवार सुबह मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर के बाहर हो रहे शोर-शराबे का विरोध करने पहुंचे मणिपुर निवासी 54 वर्षीय संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की कथित तौर पर लात-घूंसों से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल विक्रम सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज कर एक नाबालिग समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने के साथ ही घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
घर के बाहर शोर का विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक विक्रम सिंह पिछले कई वर्षों से किलोकरी गांव में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वह मूल रूप से मणिपुर के रहने वाले थे और मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखते थे। वह एक संस्थान में संगीतकार के तौर पर काम करते थे।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, सोमवार सुबह उनके घर के बाहर कुछ डिलीवरी ब्वॉय और ढाबा कर्मचारी कथित तौर पर शोर-शराबा कर रहे थे। लगातार हो रहे हंगामे से परेशान होकर विक्रम सिंह घर से बाहर आए और वहां मौजूद लोगों से शांत रहने के लिए कहा। इसी बात को लेकर उनके साथ कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद वहां मौजूद लोगों ने विक्रम सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
लात-घूंसों से पिटाई, अस्पताल में हुई मौत
आरोप है कि हमले में विक्रम सिंह को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उनका बेटा उन्हें इलाज के लिए होली फैमिली अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपितों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की और एक नाबालिग समेत आठ लोगों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपितों में ढाबा कर्मी भरत कुमार, प्रमोद, रमजान खान, दीपांशु, मोहन कुमार, विजय और डिलीवरी ब्वॉय मन्नू शामिल हैं। इनके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
नॉर्थ-ईस्ट के लोगों की सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
घटना के बाद दिल्ली में रहने वाले नॉर्थ-ईस्ट के लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में विवाद की वजह शोर-शराबे को लेकर हुआ झगड़ा बताई जा रही है। हालांकि, मणिपुर के रहने वाले व्यक्ति की मामूली विवाद के बाद कथित पिटाई से मौत होने के कारण समुदाय के बीच चिंता का माहौल है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब दिल्ली में नॉर्थ-ईस्ट राज्यों से आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
मेघालय CM ने जताई चिंता
घटना पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने भी चिंता जताई। उन्होंने मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस हमले ने राजधानी में नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के साथ हुई ज्यादतियों के दर्दनाक जख्मों को फिर सामने ला दिया है। उन्होंने अधिकारियों और दिल्ली पुलिस से मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
पुलिस जांच में जुटी, बाकी आरोपितों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जांच में सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों को शामिल किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए तलाश जारी है।