New Delhi | एशियन गेम्स 2026 में भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स ने इतिहास रच दिया है। मैसूर की 23 वर्षीय प्रणवी ने महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर एशियाई खेलों में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने चार राउंड के मुकाबले में 15-अंडर 265 का स्कोर बनाया और चीन की स्टार गोल्फर यिन रुओनिंग को एक स्ट्रोक से पीछे छोड़ा।
ट्रिपल बोगी के बाद शानदार वापसी
प्रणवी ने फाइनल राउंड की शुरुआत बढ़त के साथ की थी, लेकिन तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के कारण उनकी बढ़त खत्म हो गई। इसके बाद उन्होंने दबाव में शानदार वापसी करते हुए तीन बर्डी लगाईं और मुकाबले पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया। अंतिम राउंड में प्रणवी ने ईवन-पार 70 का स्कोर किया और कुल 15-अंडर 265 के साथ गोल्ड अपने नाम किया। चीन की यिन रुओनिंग और सिंगापुर की शैनन टैन 14-अंडर 266 के स्कोर के साथ उनके पीछे रहीं।
24 साल बाद भारत को गोल्फ में व्यक्तिगत गोल्ड
प्रणवी उर्स की जीत भारतीय गोल्फ के लिए भी ऐतिहासिक है। एशियन गेम्स में भारत को गोल्फ का पिछला व्यक्तिगत पुरुष स्वर्ण पदक शिव कपूर ने 2002 बुसान एशियन गेम्स में दिलाया था। प्रणवी की जीत के साथ भारतीय महिला गोल्फ को एशियाई खेलों में पहली बार व्यक्तिगत स्वर्ण मिला है।
टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर
प्रणवी का शानदार प्रदर्शन व्यक्तिगत स्पर्धा तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने अदिति अशोक और दीक्षा डागर के साथ भारतीय महिला गोल्फ टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम इवेंट में भी रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने चार राउंड में कुल 14-अंडर 546 का स्कोर किया और चीन के बाद दूसरे स्थान पर रही।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो कॉल कर दी बधाई
प्रणवी की ऐतिहासिक जीत के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनसे वीडियो कॉल पर बात कर बधाई दी। सिंधिया ने उनकी मेहनत, धैर्य और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता की सराहना की। सिंधिया ने इस दौरान प्रणवी के स्कूल के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि वह प्रणवी को तब से जानते हैं, जब वह स्कूल में थीं और गोल्फ खेलती थीं। सिंधिया ने कहा कि उन्हें प्रणवी की इस यात्रा का हिस्सा बनने पर गर्व है।
पीएम मोदी ने भी दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रणवी उर्स को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला व्यक्तिगत गोल्फ में भारत का पहला एशियन गेम्स गोल्ड देश के लिए यादगार खेल उपलब्धि है और उम्मीद जताई कि उनकी सफलता अधिक युवाओं को गोल्फ की ओर प्रेरित करेगी। प्रणवी उर्स की यह उपलब्धि भारतीय महिला गोल्फ के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है। व्यक्तिगत गोल्ड और टीम सिल्वर के साथ उन्होंने एशियन गेम्स 2026 में भारत के गोल्फ अभियान को ऐतिहासिक बना दिया है।