लखनऊ - उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच यूपी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गठबंधन को लेकर भरोसा जताया है। वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत बेहद अच्छे और सौहार्दपूर्ण माहौल में शुरू हुई है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला हो जाएगा। अजय राय ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
सपा-कांग्रेस की बातचीत पर अजय राय ने जताई उम्मीद
अजय राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत की शुरुआत सकारात्मक तरीके से हुई है। दोनों पार्टियां आपसी सहमति से सीटों का फॉर्मूला तैयार करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय हो जाएगा। भाजपा नेताओं की गठबंधन को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी देश की जिम्मेदारी अच्छी तरह निभा चुकी है। उनके मुताबिक, कुछ लोगों की मंशा है कि कांग्रेस किसी भी स्थिति में सत्ता में वापस न आए।
बीजेपी सरकार पर शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हमला
अजय राय ने भाजपा सरकार पर प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकारी व्यवस्थाओं की स्थिति खराब हुई है और जनता इससे परेशान है। उन्होंने प्रदेश में माफियाओं के प्रभाव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। राय का आरोप है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था और प्रशासन से जुड़े कई मुद्दे हैं, जिनका जवाब सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता चुनाव में सरकार के कामकाज का हिसाब लेगी।
मस्जिदों और मजारों के मुद्दे पर AIMIM को घेरा
AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान की ओर से अखिलेश यादव और शिवपाल यादव पर मस्जिदों के ध्वस्तीकरण और एनकाउंटर जैसे मामलों पर चुप रहने के आरोपों के बीच अजय राय ने कांग्रेस का बचाव किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन मुद्दों पर हमेशा आवाज उठाई है। अपने प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने लखनऊ की शामिना शाह की मजार, मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद, सहारनपुर और दालमंडी से जुड़े मामलों में पार्टी के संघर्ष का उल्लेख किया। अजय राय ने AIMIM पर निशाना साधते हुए कहा कि जब इन मुद्दों पर संघर्ष किया जा रहा था, तब पार्टी दिखाई नहीं दे रही थी। उनके मुताबिक, चुनाव नजदीक आने पर असदुद्दीन ओवैसी और AIMIM सक्रिय नजर आने लगे हैं।
बाबा रामदेव और बागेश्वर बाबा पर भी साधा निशाना
बाबा रामदेव की ओर से बागेश्वर बाबा को लेकर की गई टिप्पणी पर भी अजय राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दोनों को भाजपा का सहयोगी बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी गतिविधियां भाजपा को राजनीतिक रूप से मजबूत करने के इर्द-गिर्द रहती हैं।
27 हजार स्कूल बंद होने के आरोप पर जताई सहमति
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के करीब 27 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद होने के आरोप पर अजय राय ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने पारंपरिक रोजगारों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से युवाओं को डिग्री के बजाय हुनर पर जोर देने की बात कही जाती है, लेकिन दूसरी तरफ पारंपरिक व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं।
काशी के हैंडलूम से लेकर पीतल उद्योग तक का किया जिक्र
अजय राय ने वाराणसी के हैंडलूम उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि कई पारंपरिक काम बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। इसके चलते कारीगरों को पावरलूम में काम करना पड़ रहा है या रोजगार की तलाश में सूरत जैसे शहरों की ओर जाना पड़ रहा है। उन्होंने मुरादाबाद के पीतल उद्योग, सहारनपुर के लकड़ी के कारोबार और कारपेट उद्योग का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि ये सभी व्यवसाय पारंपरिक हुनर और कारीगरों की मेहनत पर आधारित हैं। ऐसे रोजगार प्रभावित होने से हुनर को आगे बढ़ाना मुश्किल हो जाता है।
गुरु नानक जयंती और देव दीपावली की दी शुभकामनाएं
राजनीतिक मुद्दों के साथ अजय राय ने गुरु नानक देव जी की जयंती पर देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने समाज को एकता, भाईचारे और मिल-जुलकर रहने का संदेश दिया था। उन्होंने मेहनतकश सिख समाज के योगदान की भी सराहना की। इसके अलावा उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में देव दीपावली का विशेष महत्व है। उन्होंने इस पावन अवसर पर सभी के सुख और समृद्धि की कामना की।
फिलहाल यूपी की राजनीति में सपा-कांग्रेस गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं जारी हैं। अब देखना होगा कि दोनों दलों के बीच बातचीत किस नतीजे पर पहुंचती है और आगामी चुनाव के लिए गठबंधन की रणनीति क्या रहती है।