कन्नौज: उत्तरप्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा से पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रही स्कूली बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। बस में 50 बच्चों समेत कुल 58 लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
टॉयलेट के लिए रुकी थी स्कूल बस, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह ठठिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 210 के पास हुआ। कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस आगरा से बच्चों को पिकनिक कराकर वापस लौट रही थी।एसपी के मुताबिक, बस रात करीब 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी। सुबह लगभग 6 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए बस सड़क किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से बस का पिछला हिस्सा चकनाचूर, सीटें उखड़ीं
ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस के अंदर लगी सीटें तक उखड़ गईं। हादसे के बाद कई बच्चे बस के अंदर फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
अस्पताल में चार बच्चों को मृत घोषित किया
हादसे में घायल बच्चों और अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कुल 25 लोग घायल हुए हैं।
स्कूल प्रबंधक समेत दो की हालत गंभीर, कानपुर रेफर
हादसे में घायल स्कूल प्रबंधक और एक अन्य बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलेट हॉस्पिटल रेफर किया गया है।वहीं अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
ट्रक चालक को नींद की झपकी आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह ट्रक चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।पुलिस मामले की जांच कर रही है।