भोपाल: मध्यप्रदेश में बारिश और बादलों का दौर खत्म होने के बाद अब कड़ाके की ठंड का असर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया है। ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग के शहरों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग (IMD), भोपाल के अनुसार, चक्रवात 'अकवान' और ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में पिछले चार दिनों से बारिश हो रही थी। इसके चलते रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को मौसम साफ रहा, हालांकि बैतूल समेत कई शहरों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा।
भोपाल में सबसे कम 12.4 डिग्री तापमान
बीती रात प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भोपाल में सबसे कम 12.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा
भोपाल: 12.4°C
ग्वालियर: 12.8°C
शिवपुरी: 13.0°C
दतिया: 13.3°C
दमोह: 13.4°C
रायसेन और रतलाम: 13.5°C
श्योपुर: 13.6°C
धार: 14.1°C
खरगोन: 14.2°C
गुना और खंडवा: 14.4°C
उज्जैन: 14.5°C
नौगांव: 14.8°C
राजस्थान की ठंड का असर अब MP में भी
राजस्थान में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, उत्तरी हिस्से में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय है और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हो रही है। इन मौसमी परिस्थितियों के बीच अब मध्य प्रदेश में भी ठंड जोर पकड़ सकती है।मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में उत्तरी हवाओं का सीधा असर रहेगा। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने की संभावना है।
नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ सकता है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में उत्तरी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर के दौरान रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।