रायपुर : छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंदकुमार साय चोटिल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले अपने निवास पर पैर फिसलने से वे गिर गए थे, जिससे उनके पैरों में चोट आई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी स्थिति की जानकारी लेने के बाद उन्हें जशपुर से अपने साथ हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाया। यहां पहुंचने के बाद उन्हें एंबुलेंस से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि नंदकुमार साय दो दिन पहले घर पर फिसलकर गिर गए थे। उनके पैरों में चोट आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पहले भी रात में उनसे मिलने और हालचाल जानने उनके निवास पहुंचे थे। आज रायपुर लौटना था, इसलिए उन्हें भी अपने साथ लेकर आए।
हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद एंबुलेंस में किया गया शिफ्ट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर से रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान वे वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर में लेकर आए। रायपुर पहुंचने पर उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री खुद भी वहां मौजूद रहे और नंदकुमार साय को एंबुलेंस में शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया के समय साथ दिखाई दिए। इसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
दो दिन पहले घर पर फिसलकर गिर गए थे नंदकुमार साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुताबिक, नंदकुमार साय दो दिन पहले अपने निवास पर पैर फिसलने से गिर गए थे। इस घटना में उनके पैरों में चोट आई। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके घर के पास ही एक कार्यक्रम था, इसलिए वे रात में उनका हालचाल जानने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आज रायपुर लौटने का कार्यक्रम था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ लाने का फैसला किया, ताकि उनका इलाज रायपुर में कराया जा सके।
कौन हैं नंदकुमार साय? तीन बार रहे लोकसभा सांसद
नंदकुमार साय छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेताओं में गिने जाते हैं। वे तीन बार लोकसभा सांसद और तीन बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा वे राज्यसभा के सदस्य भी रहे और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्होंने अविभाजित मध्य प्रदेश में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ गठन के बाद राज्य भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद वे विधानसभा में पहले नेता प्रतिपक्ष भी रहे। आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों, शिक्षा और सामाजिक अधिकारों को लेकर भी वे सक्रिय रहे हैं।
2023 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में हुए थे शामिल
वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से करीब छह महीने पहले नंदकुमार साय ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। अपने इस्तीफे में उन्होंने आरोप लगाया था कि पिछले कुछ वर्षों से पार्टी के भीतर कुछ लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे थे। उनके मुताबिक, झूठे आरोपों और अन्य गतिविधियों के जरिए उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही थी। इस्तीफे के एक दिन बाद 1 मई 2023 को वे तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (CSIDC) का अध्यक्ष भी बनाया था। हालांकि, कांग्रेस में उनका राजनीतिक सफर लंबा नहीं चला। दिसंबर 2023 में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और सितंबर 2024 में भाजपा में वापसी कर ली। उनकी वापसी भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान हुई थी।
भाजपा छोड़ने की वजह क्या बताई थी?
भाजपा से इस्तीफा देते समय नंदकुमार साय ने अपने पत्र में कहा था कि पार्टी ने उन्हें समय-समय पर महत्वपूर्ण पद और जिम्मेदारियां दीं, जिन्हें उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया। इसके लिए उन्होंने पार्टी का आभार भी जताया था।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया था कि पिछले कुछ वर्षों में पार्टी के भीतर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। उनके अनुसार, झूठे आरोपों और अन्य गतिविधियों के कारण उनकी गरिमा को ठेस पहुंची और वे इससे आहत थे। इसी वजह से उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा देने का फैसला किया था। फिलहाल नंदकुमार साय रायपुर के निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर आगे की जानकारी अस्पताल या आधिकारिक सूत्रों से मिलने के बाद ही स्पष्ट होगी।