अयोध्या: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सोमवार से अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। सरयू-कमला एक्सप्रेस को अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे रवाना किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दिल्ली से वर्चुअली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या में मौजूद रहेंगे।
604 किलोमीटर की दूरी 19 घंटे में होगी पूरी
अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस साप्ताहिक ट्रेन होगी। यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा पूरी करने में लगभग 19 घंटे का समय लगेगा।आम यात्रियों के लिए ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। हालांकि, फिलहाल ट्रेन के किराये का निर्धारण नहीं किया गया है। इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक पर्यटन और यात्रियों की आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
PM मोदी और बालेन शाह वर्चुअली दिखाएंगे हरी झंडी
सरयू-कमला एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दिल्ली से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।यह पहल भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और परिवहन संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है, जबकि नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।
CM योगी पहले करेंगे रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम योगी सुबह 10:30 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद वह रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे।दर्शन के बाद मुख्यमंत्री सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। उनके करीब 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद ट्रेन को रवाना करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
CM योगी के दौरे को लेकर अयोध्या में रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री के दौरे और प्रधानमंत्री स्तर के कार्यक्रम को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने सुबह 9 बजे से रूट डायवर्जन लागू करने का फैसला किया है।कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को प्रशासन की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।