रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले 40 दिनों से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद राजस्व पटवारी संघ ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है। संघ के प्रांताध्यक्ष की ओर से हड़ताल स्थगित करने संबंधी पत्र भी जारी कर दिया गया है। पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी ऐप की तकनीकी खामियां दूर करने समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। हड़ताल के कारण राजस्व विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा था। अब पटवारियों के काम पर लौटने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
CM विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद स्थगित किया आंदोलन
राजस्व पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। बैठक के बाद संघ ने फिलहाल अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।संघ के प्रांताध्यक्ष की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है। पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी ऐप में तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे।
CM साय ने कमेटी बनाकर मांगों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
पटवारी संघ की ओर से भागवत कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री के सामने संघ की सभी मांगें रखी गई हैं। मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर विचार और कार्रवाई के लिए कमेटी बनाने के निर्देश दिए हैं।भागवत कश्यप ने कहा, "हमने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी सभी मांगें उनके सामने रखीं। उन्होंने कमेटी बनाकर उन पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
13 अक्टूबर से हड़ताल पर थे पटवारी
छत्तीसगढ़ में पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। उनकी प्रमुख मांग पीवी ऐप की तकनीकी खामियों को दूर करना था। पटवारियों के हड़ताल पर रहने से राजस्व विभाग से जुड़े कई काम प्रभावित हो रहे थे।इसका असर आम लोगों पर भी पड़ रहा था। जमीन से जुड़े कार्यों और राजस्व संबंधी सेवाओं के लिए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब हड़ताल स्थगित होने के बाद कामकाज सामान्य होने की उम्मीद है।
कांग्रेस ने सरकार पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
पटवारियों की हड़ताल स्थगित होने के बीच कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि सरकार डराने-धमकाने और नौकरी से निकालने की धमकी देकर दबावपूर्ण तरीके से पटवारियों की हड़ताल खत्म करा रही है।उन्होंने कहा कि पटवारी अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। शासन के कामकाज में पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
विकास उपाध्याय ने सरकार से पूछा- क्या पूरी हुईं सभी मांगें?
विकास उपाध्याय ने सरकार से सवाल किया कि क्या पटवारियों की सभी मांगें पूरी कर दी गई हैं या फिर सिर्फ आश्वासन देकर दबाव बनाते हुए आंदोलन खत्म कराया गया है।उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि पटवारियों की समस्याओं का वास्तविक समाधान हुआ है या उन्हें केवल भरोसा देकर काम पर लौटने के लिए कहा गया है।