कोटा: राजस्थान के कोटा में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग महाराष्ट्र के रहने वाले थे और खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
खाटू श्याम के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, क्रूजर वैन में कुल 16 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र से राजस्थान के सीकर जिले स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने आए थे। रविवार को दर्शन करने के बाद सभी महाराष्ट्र लौट रहे थे। इसी दौरान नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
सड़क किनारे खराब हालत में खड़ा था ट्रक
बताया जा रहा है कि ट्रक में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके चलते चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। मध्यप्रदेश निवासी ट्रक चालक मोहम्मद हारुन वाहन की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही क्रूजर वैन ने पहले ट्रक चालक को टक्कर मारी और फिर ट्रक में जा घुसी।हादसे में वैन सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक चालक समेत 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों में छोटे बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
एसपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एक ही परिवार के बताए जा रहे सभी श्रद्धालु
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर ने बताया कि आधी रात के समय 16 लोगों को लेकर जा रही क्रूजर वैन शंभूपुरा के पास ट्रक से टकरा गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है।उन्होंने बताया कि सभी श्रद्धालु खाटू श्याम के दर्शन करके महाराष्ट्र लौट रहे थे और एक ही परिवार के थे। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े कारणों की जांच कर रही है।