भोपाल: चक्रवाती तूफान 'अकवान' और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मध्यप्रदेश के मौसम पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर जारी है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत पश्चिमी हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। ठंड को देखते हुए उज्जैन में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है।
MP के 12 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से के 12 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इनमें मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं।इससे पहले शनिवार को भी मंडला, सिंगरौली, डिंडौरी, मैहर, रीवा और सीधी समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, अनूपपुर के अमरकंटक में इससे पहले करीब 1 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
उज्जैन में स्कूलों के समय में बदलाव
बढ़ती ठंड को देखते हुए उज्जैन जिले में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक, नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से पहले संचालित नहीं होंगी।मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और कम तापमान के चलते बच्चों को सुबह की ठंड से राहत देने के लिए यह फैसला लिया गया है।
उमरिया में दलदल बना नेशनल हाईवे-43, लगा लंबा जाम
उमरिया में शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद नेशनल हाईवे-43 पर मुश्किलें बढ़ गईं। मोर्चा फाटक के पास सड़क दलदल में तब्दील हो गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।हाईवे के दोनों ओर करीब 3-3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को पूरे दिन हाईवे पर ऐसे ही हालात बने रहे।
शाजापुर के गिरवर में सबसे कम तापमान, पारा 8.7 डिग्री
मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में शाजापुर से जुड़े गिरवर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 8.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले दो दिनों से इलाके में ठंड का असर ज्यादा बना हुआ है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों और जिलों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा
शहर/जिला न्यूनतम तापमान
गिरवर (शाजापुर) 8.7°C
बैतूल 9.2°C
मरुखेड़ा (नीमच) 9.5°C
नौगांव (छतरपुर) 9.5°C
भोपाल 9.5°C
रायसेन 10.6°C
धार 10.9°C
खजुराहो 11.4°C
रतलाम 12.2°C
नरसिंहपुर 12.2°C
उज्जैन 12.5°C
इंदौर 12.7°C
श्योपुर 12.8°C
दतिया 13°C
ग्वालियर 13°C
खरगोन 13°C
खंडवा 13.4°C
गुना 14.2°C
मध्यप्रदेश में क्यों बदल रहा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा पूर्वी मध्यप्रदेश में एक निम्न दाब क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) भी सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का दौर जारी है।दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहां से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में तापमान गिर रहा है और सर्दी का असर बढ़ रहा है।
आगे और बढ़ेगी ठंड, नवंबर में गिर सकता है पारा
मौसम के जानकारों के मुताबिक, मौसमी सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना रहती है।
नवंबर में प्रदेश के कई शहरों में ऐतिहासिक रूप से भी कम तापमान दर्ज किया जा चुका है।
- ग्वालियर: 57 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
- उज्जैन: 53 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
वहीं, भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का ट्रेंड भी रहा है। इस बार महीने की शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में भी मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर बारिश की संभावना बन सकती है।