मालदा: पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन के यार्ड में शनिवार सुबह अचानक अफरा-तफरी जैसा माहौल देखने को मिला। एक विशेष ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने और कई यात्रियों के घायल होने का दृश्य तैयार किया गया। मौके पर एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। इसके बाद युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। हालांकि, यह कोई वास्तविक रेल हादसा नहीं था, बल्कि रेलवे प्रशासन और NDRF की ओर से आयोजित मॉक ड्रिल थी।
रेलवे और NDRF ने संयुक्त रूप से किया मॉक ड्रिल
शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे मालदा टाउन स्टेशन यार्ड की नई स्टेबलिंग लाइन पर पूर्व रेलवे के मालदा मंडल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने संयुक्त रूप से इस मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इसमें विशेष ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें कई यात्रियों के घायल होने का दृश्य दिखाया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें
मॉक ड्रिल के तहत ट्रेन दुर्घटना की सूचना रेलवे प्रशासन, NDRF, एंबुलेंस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही सभी संबंधित विभागों की टीमें तेजी से घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पूरी प्रक्रिया के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और बचाव कार्यों की तत्परता का परीक्षण किया गया।
DRM मनीष कुमार गुप्ता ने किया निरीक्षण
पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के DRM मनीष कुमार गुप्ता ने शुरुआत से लेकर अंत तक मौके पर मौजूद रहकर पूरी मॉक ड्रिल की निगरानी की। उन्होंने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और राहत-बचाव अभियान की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से यह अभ्यास आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों और संबंधित विभागों की भूमिका, घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय और आपदा से निपटने की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया गया।
वास्तविक हादसों से निपटने की तैयारी
रेलवे प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसी वास्तविक रेल दुर्घटना की स्थिति में बिना देरी किए प्रभावी राहत एवं बचाव अभियान चलाना है। इस अभ्यास के जरिए रेलवे कर्मचारियों और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों की तैयारियों को भी परखा गया।