भोपाल | मध्यप्रदेश में बढ़ती ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत दी है। अब सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सर्दियों में स्कूल की निर्धारित यूनिफॉर्म के रंग का ही स्वेटर पहनने की बाध्यता नहीं होगी। बच्चे अपनी पसंद का किसी भी रंग का गर्म स्वेटर पहनकर स्कूल जा सकेंगे। इसके साथ ही ठंड के मौसम में बच्चों को क्लासरूम के बाहर जूते या चप्पल उतारने के लिए भी मजबूर नहीं किया जाएगा।
किसी भी रंग का स्वेटर पहनने की मिलेगी छूट
मध्यप्रदेश में तापमान लगातार गिरने और ठंड बढ़ने के कारण स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। बच्चों की समस्याओं को देखते हुए सरकार ने स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत सर्दियों में यूनिफॉर्म को लेकर एकरूपता की बाध्यता नहीं रहेगी। यदि कोई बच्चा स्कूल की तय यूनिफॉर्म के बजाय घर का स्वेटर या किसी दूसरे रंग का गर्म कपड़ा पहनकर आता है, तो स्कूल प्रबंधन इस पर आपत्ति नहीं कर सकेगा।
क्लासरूम के बाहर जूते-चप्पल उतारना भी जरूरी नहीं
सरकार ने बच्चों को जूते और चप्पल पहनने के मामले में भी राहत दी है। अब ठंड के मौसम में विद्यार्थियों को क्लासरूम के बाहर जूते या चप्पल उतारने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। बच्चे ठंड से बचने के लिए कक्षा के अंदर भी जूते-चप्पल पहन सकेंगे।
सरकारी और निजी स्कूलों के लिए जारी हुए निर्देश
ये दिशानिर्देश लोक शिक्षण संचालक डीएस कुशवाहा ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी किए हैं। निर्देशों के तहत सरकारी और निजी, दोनों तरह के स्कूलों को नई व्यवस्था का पालन करना होगा। सरकार के इस फैसले से सर्दियों में बच्चों को अपनी सुविधा के अनुसार गर्म कपड़े पहनने की आजादी मिलेगी और ठंड के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिल सकेगी।