नड़ाइल (बांग्लादेश): बांग्लादेश के नड़ाइल जिले के कालिया में राजनीतिक हिंसा के बाद तनाव का माहौल है। दो BNP नेताओं की हत्या के बाद शुक्रवार रात इलाके में जमकर हिंसा और आगजनी हुई। आरोप है कि उपद्रवियों ने अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों के घरों, अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के आवासों के साथ-साथ नड़ाइल-1 के पूर्व सांसद कबीरुल हक मुक्ति के घर को भी निशाना बनाया। इस दौरान कई घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई है।
दो BNP नेताओं की हत्या के बाद भड़की हिंसा
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम कालिया नगरपालिका के बेंदारचर इलाके में BNP और उसके सहयोगी संगठनों की ओर से विरोध में बाइक रैली निकाली गई थी। रैली जब बेंदारचर बटतला मोड़ और आसपास की नहर के पास पहुंची, तभी कुछ बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने रैली के पीछे चल रहे लोगों को निशाना बनाया। इस दौरान कई मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ कर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया।
अस्पताल में दो नेताओं ने तोड़ा दम
इस हमले में स्थानीय किसान दल के नेता शाहिन और जातीयतावादी सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन (जासास) के नेता सोहेल मोल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दोहरी हत्या के बाद कालिया में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया।
BNP नेता के दौरे के बाद बढ़ा तनाव
शुक्रवार को BNP के कार्यवाहक महासचिव रूहुल कबीर रिजवी अपने समर्थकों के साथ कालिया पहुंचे। उन्होंने मारे गए दोनों नेताओं की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर तानाशाही ताकतों की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उपद्रवियों का सख्ती से मुकाबला करना होगा।
हिंदू परिवारों और अवामी लीग समर्थकों के घरों को बनाया निशाना
आरोप है कि रिजवी के इलाके में मौजूद रहने के दौरान ही तनाव बढ़ गया और BNP कार्यकर्ताओं ने कई घरों में तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी। इसके बाद शुक्रवार रात भर अवामी लीग के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के घरों पर हमले किए गए। बेंदारचर समेत आसपास के कई इलाकों में अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों के घरों को भी निशाना बनाए जाने का आरोप है। इस दौरान छोटे-बड़े कम से कम 30 मकानों को आग के हवाले किए जाने की खबर है।
इलाके में दहशत, हिंसा के बाद तनाव बरकरार
लगातार हमलों और आगजनी की घटनाओं के बाद कालिया और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। राजनीतिक हिंसा के बीच अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों के घरों को निशाना बनाए जाने की खबर ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।