भोपाल: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मध्यप्रदेश में दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। बीती रात शाजापुर जिले का गिरवर 7.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि भोपाल 9 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राजधानी में दिन के समय भी शीतलहर का असर देखने को मिला।
शनिवार सुबह मंडला में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रीवा और शहडोल संभाग के सात जिलों में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने का अनुमान जताया है। वहीं, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है।
सात जिलों में बारिश और आंधी का अनुमान
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के सात जिलों में मौसम बदल सकता है। सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में हल्की बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है।शनिवार सुबह मंडला में भी हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार और रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
गिरवर में सबसे कम 7.1 डिग्री तापमान
बीती रात प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शाजापुर जिले के गिरवर में पारा 7.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नहर और आसपास हरियाली होने के कारण इस क्षेत्र में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाता है।भोपाल में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा बैतूल में 9.2 डिग्री, रायसेन और धार में 9.4 डिग्री तथा दमोह में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
ज्यादातर शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे
प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। शुक्रवार को भोपाल, शाजापुर और रायसेन में शीतलहर का असर रहा था। शनिवार को मौसम विभाग ने राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।
इन शहरों में भी बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, नौगांव में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और खजुराहो में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा में पारा 10.4 डिग्री, इंदौर में 10.6 डिग्री और जबलपुर तथा उमरिया में 10.9 डिग्री सेल्सियस रहा।इसके अलावा गुना, सागर, दतिया, ग्वालियर, श्योपुर, उज्जैन, सतना, खंडवा, रतलाम, सीधी, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, पचमढ़ी, मंडला, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, सिवनी, खरगोन और मलाजखंड में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से गुरुवार से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला। शहडोल संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी। शुक्रवार को भी कई इलाकों में मौसम बदला रहा।शनिवार और रविवार को भी प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
आगे और बढ़ सकता है ठंड का असर
कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। मौसम से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, जब मौजूदा सिस्टम आगे बढ़ेगा, तब प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है।