रायपुर: चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
पेंड्रा में सुबह से बूंदाबांदी हो रही है, जबकि केशकाल में हल्की बारिश के साथ धुंध छाई हुई है। कम विजिबिलिटी के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है। शुक्रवार को हुई बारिश से तापमान में भी बड़ी गिरावट आई। रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से 9 डिग्री नीचे पहुंच गया।
पेंड्रा और केशकाल में धुंध, वाहन चालकों को परेशानी
शनिवार सुबह पेंड्रा में बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। वहीं, केशकाल में बारिश के साथ धुंध छाई रही। विजिबिलिटी कम होने के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ रही है। कई वाहन लाइट जलाकर चलते नजर आए।
रायपुर में सामान्य से 9 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान
शुक्रवार को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और कुल 11.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते दिन का तापमान गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 9 डिग्री कम था। रात का तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया।ठंड बढ़ने के कारण शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए।
अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे ठंडी रात
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में रात का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।
रायपुर में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह से रायपुर में बादल छाए हुए हैं। शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
तूफान कमजोर, फिर भी मौसम सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'अकवान' कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़ा मौसम सिस्टम अभी भी नमी खींच रहा है। इसी वजह से छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में बादल छाने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।अगले दो दिनों में चक्रवाती सिस्टम के कमजोर होने के साथ बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे बदलाव आने का अनुमान है।