सागर: सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। नीम घाटी के पास ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 लोग घायल हो गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 36 ग्रामीण सवार थे। सभी लोग बरमान में नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
नीम घाटी के पास पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 3 की मौके पर मौत
जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार दोपहर सागर जिले में NH-44 पर नीम घाटी के पास हुआ। बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के ग्रामीण बरमान से नर्मदा स्नान कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई।हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है।
ट्रॉली के नीचे दबे लोग, कई के हाथ-पैर टूटे
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद कई ग्रामीण उसके नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में 33 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई के हाथ-पैर टूट गए हैं और कुछ के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
SDM बोले- नीम घाटी के पास हुआ हादसा
एसडीएम देवरी ने बताया कि बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के ग्रामीण बरमान से लौट रहे थे। इसी दौरान NH-44 पर नीम घाटी के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई।
हादसे की वजह और ओवरलोडिंग की जांच शुरू
एसडीएम के मुताबिक, फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने या किसी दूसरे वाहन से टकराने की आशंका को लेकर जांच की जा रही है।गौरझामर और देवरी थाने के प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोडिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन की भी पड़ताल की जा रही है।