नई दिल्ली - भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। देश के युवाओं और वैज्ञानिकों की मेहनत का ही परिणाम है कि भारत अंतरिक्ष में सैटेलाइट डॉकिंग और अनडॉकिंग की क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन चुका है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और वैज्ञानिकों के प्रयासों से देश लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। वह रविवार को बाबू बनारसीदास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
युवाओं को रोजगार और नए अवसर देने पर सरकार का जोर
दीक्षांत समारोह में राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देने और उनके लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है। इसी सोच के तहत 'मेक इन इंडिया' अभियान की शुरुआत की गई, जिससे देश में उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल सकें।
उन्होंने प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना का भी उल्लेख किया। रक्षा मंत्री के मुताबिक, इस योजना का उद्देश्य युवाओं को बड़ी कंपनियों में काम करने का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें उद्योग जगत की कार्यप्रणाली समझने और भविष्य में बेहतर करियर बनाने में मदद मिल सकती है।
रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए उठाए कदम
राजनाथ सिंह ने कहा कि किसी भी देश की तरक्की में अनुसंधान और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी दिशा में सरकार ने अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना की है, ताकि देश के युवा वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को रिसर्च के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को युवाओं की क्षमता का उदाहरण बताते हुए कहा कि देश के वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की अलग पहचान बनाई है। अंतरिक्ष में सैटेलाइट की डॉकिंग और अनडॉकिंग जैसी जटिल तकनीक में सफलता हासिल करना इसी दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहें युवा
छात्रों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने आधुनिक सोच अपनाने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों को नहीं भूलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक बनना और अपनी परंपराओं से जुड़े रहना एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। तेजी से बदलती दुनिया में परंपराएं व्यक्ति को अपनी पहचान और मूल्यों से जोड़े रखती हैं।राजनाथ सिंह के अनुसार, जब युवा अपनी जड़ों और परंपराओं को समझते हैं, तो उन्हें अपनी पहचान के साथ ज्ञान के नए स्रोत भी मिलते हैं। इससे उनके भीतर जिज्ञासा पैदा होती है और नई चीजें सीखने तथा खोज करने की प्रेरणा मिलती है।
डिग्री नहीं, आपकी योग्यता और मेहनत तय करेगी पहचान
दीक्षांत समारोह में डिग्री हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आज का दिन उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। डिग्री मिलने के बाद उनके सामने अवसरों से भरी नई दुनिया खुलने जा रही है। हालांकि, उनके सपने केवल व्यक्तिगत नहीं हैं, बल्कि देश के सामूहिक विकास से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परिस्थितियां किसी व्यक्ति का भविष्य तय नहीं करतीं, बल्कि उसके प्रयास और मेहनत उसे आगे ले जाते हैं। युवाओं को नए रास्ते तलाशने और जरूरत पड़ने पर अकेले आगे बढ़ने से भी नहीं घबराना चाहिए।
नौकरी में सफलता के लिए कौशल और आत्मविश्वास जरूरी
रक्षा मंत्री ने कहा कि नौकरी की शुरुआत में डिग्री युवाओं को पहला अवसर दिला सकती है, लेकिन लंबे समय तक उनकी पहचान उनके कौशल, काम करने के तरीके, सीखने की क्षमता और प्रोफेशनल नॉलेज से बनेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमताओं को पहचानकर उसी दिशा में करियर बनाने की सलाह दी। राजनाथ सिंह ने कहा कि वास्तविक योग्यता से आत्मविश्वास पैदा होता है और आत्मविश्वास के बल पर ही व्यक्ति जीवन की कठिन चुनौतियों का सामना कर सकता है। अंत में उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करें, नई चीजें सीखते रहें और देश के विकास में अपनी प्रतिभा का योगदान दें।