कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से BJP विधायक रेखा पात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने से राजनीतिक गलियारों में चिंता बढ़ गई है। वह फिलहाल कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनके शरीर में विषाक्त पदार्थ (Poisoning) का असर पाया गया है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
घर पर अचानक बिगड़ी तबीयत, रात में अस्पताल में कराया गया भर्ती
मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9 बजे रेखा पात्रा हिंगलगंज स्थित अपने घर पर अचानक बीमार पड़ गईं। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन और सहयोगी उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें बसिरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया।
बसिरहाट अस्पताल में रेखा पात्रा को क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती कराया गया था। करीब चार घंटे तक इलाज चलने के बावजूद उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए कोलकाता के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
वेंटिलेटर सपोर्ट पर विधायक, ITU में चल रहा इलाज
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रेखा पात्रा का इलाज डॉक्टर युधाजीत सेनगुप्ता की निगरानी में चल रहा है। उन्हें अस्पताल के ITU में 10 नंबर बेड पर रखा गया है। उनकी स्थिति को देखते हुए वेंटिलेटर सपोर्ट दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जब उन्हें बसिरहाट अस्पताल लाया गया था, तब वह बेहोशी की हालत में थीं। उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा था और सलाइन भी चढ़ाई जा रही थी। बाद में इसी स्थिति में उन्हें कोलकाता लाया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
विधायक की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शरद्वत मुखोपाध्याय रविवार सुबह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने रेखा पात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। वहीं, अस्पताल में मौजूद BJP नेत्री अर्चना दास मजूमदार ने दावा किया कि रेखा पात्रा की स्थिति अच्छी है।
हालांकि, अस्पताल की ओर से अब तक उनकी बीमारी या विषाक्तता के संभावित कारण को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
शरीर में विषाक्तता कैसे पहुंची, अब तक स्पष्ट नहीं
सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेखा पात्रा के शरीर में विषाक्तता का असर कैसे हुआ और आखिर किन परिस्थितियों में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। जिला BJP नेतृत्व की ओर से भी इस मामले पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। परिवार की तरफ से भी बीमारी के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
पार्टी के अंदरूनी घटनाक्रम के बीच बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि रेखा पात्रा ने 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हिंगलगंज सीट से जीत दर्ज कर विधायक बनी थीं। कुछ समय पहले उन्होंने जिला नेतृत्व के एक वर्ग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की थी। उनका आरोप था कि जिले में आयोजित विभिन्न पार्टी कार्यक्रमों में उन्हें आमंत्रित नहीं किया जाता।
फिलहाल रेखा पात्रा की गंभीर बीमारी की खबर से BJP के भीतर चिंता का माहौल है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। अब सभी की नजर उनके स्वास्थ्य में सुधार और अस्पताल की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक जानकारी पर टिकी है।