रायपुर: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से हुई बारिश के बाद मौसम साफ होने लगा है। हालांकि, बादलों और समुद्र से आ रही नमी के कारण रात की ठंड पर असर पड़ा है और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद प्रदेश में रात का पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है।
अगले दिनों में बढ़ेगी रात की ठंड
छत्तीसगढ़ में पिछले एक महीने के दौरान लगातार तीन तूफानों के असर से मौसम का सामान्य क्रम प्रभावित हुआ है। समुद्र से आई नमी के कारण प्रदेश में बारिश और बादलों का दौर बना रहा। इससे रात का तापमान गिरने के बजाय बढ़ गया और ठंड का असर कम महसूस हुआ।अब उत्तर-पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने और आसमान साफ होने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है।
उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश के आसपास बना सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती सिस्टम समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है।इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। अगले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
जगदलपुर में सबसे ज्यादा और सबसे कम तापमान दर्ज
रविवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी जगदलपुर में ही सबसे कम 15.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा।माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं
- दलदली – 3 सेंटीमीटर
- पत्थलगांव – 3 सेंटीमीटर
- बागबहरा – 1 सेंटीमीटर
- वाड्रफनगर – 1 सेंटीमीटर
- भैयाथान – 1 सेंटीमीटर
- जशपुरनगर – 1 सेंटीमीटर
- रामानुजगंज – 1 सेंटीमीटर
बारिश के बाद कई इलाकों में मौसम साफ हुआ है। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध और ठंड का असर देखने को मिल सकता है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।आने वाले दिनों में उत्तर-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।