लखनऊ: उत्तरप्रदेश में चक्रवाती तूफान 'अकवान' और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, पूर्वी यूपी के कई जिलों में घना कोहरा छाने का अलर्ट है। रविवार को हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, सुबह के समय 24 जिलों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही।
यूपी के 4 जिलों में आज हल्की बारिश के आसार
मौसम में बदलाव के बीच सोमवार को पूर्वांचल के चार जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली और वाराणसी शामिल हैं।चक्रवाती तूफान 'अकवान' और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। बारिश के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाने की भी संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।
पूर्वी यूपी के 24 जिलों में कोहरे से विजिबिलिटी घटी
रविवार सुबह प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ समेत प्रदेश के 24 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि 10 मीटर की दूरी पर मौजूद चीजें भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं।कोहरे के कारण सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
हरदोई प्रदेश में सबसे ठंडा, 11 डिग्री पहुंचा पारा
रविवार को हरदोई उत्तरप्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।बढ़ती ठंड और घने कोहरे को देखते हुए यूपी राहत आयुक्त ने लोगों से सुबह के समय जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। साथ ही बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
हवा की दिशा बदलने से अगले हफ्ते बढ़ेगी ठंड
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अब कमजोर पड़ गया है। इसके प्रभाव से पूर्वी हवाओं की जगह उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज होने लगी हैं।उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पश्चिमी यूपी में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। सुबह के समय कुछ स्थानों पर कोहरा भी दिखाई दे सकता है। अगले सप्ताह से ठंड और बढ़ने की संभावना है, हालांकि अभी कड़ाके की ठंड के लिए इंतजार करना होगा।
किसानों को रबी फसलों की बुवाई और सिंचाई में सावधानी की सलाह
नवंबर में बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को रबी फसलों के प्रबंधन में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर पूर्वांचल में गेहूं, चना, मटर और सरसों की बुवाई के दौरान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने को कहा गया है। निचले इलाकों के खेतों में बारिश का पानी जमा होने से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। जिन खेतों में बारिश के कारण पर्याप्त नमी मौजूद है, वहां अनावश्यक सिंचाई से बचना चाहिए।किसानों को मौसम की स्थिति और मिट्टी में मौजूद नमी का आंकलन करने के बाद ही बुवाई और सिंचाई का फैसला लेने की सलाह दी गई है।