नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। सोमवार को उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी। इस उच्चस्तरीय बैठक में ऊर्जा, कनेक्टिविटी, रेलवे, तकनीक, व्यापार और मानव संसाधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के बीच कई समझौतों और सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर भी किए जा सकते हैं।
पहली बार आमने-सामने होंगे PM मोदी और बालेन शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह अब तक फोन पर बातचीत कर चुके हैं, लेकिन सोमवार को दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने मुलाकात होगी। बैठक के दौरान भारत के सहयोग से पूरी हुई कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।
दोनों देशों के बीच आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर भी चर्चा होगी। माना जा रहा है कि यह यात्रा भारत और नेपाल के द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा दे सकती है।
अयोध्या-जनकपुर रेल लिंक की हो सकती है घोषणा
बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क स्थापित करने की घोषणा होने की उम्मीद है। यह परियोजना दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।इसके अलावा रेलवे, सड़क संपर्क, ऊर्जा और व्यापारिक कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा होगी। दोनों देश पहले से जारी परियोजनाओं को गति देने और नए सहयोग के रास्ते तलाशने पर जोर देंगे।
भारत पहुंचने पर विदेश मंत्री जयशंकर से मिले शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार (22 नवंबर 2026) को भारत पहुंचे। एयरपोर्ट पर वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शाह ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की।
नेपाल ने भारत से मांगा 2 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज
भारत यात्रा के दौरान नेपाल की ओर से 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की मांग भी प्रमुख मुद्दा रहने की उम्मीद है। इसमें अगस्त में भोटे कोशी क्षेत्र में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित और तबाह हुए इलाकों के पुनर्निर्माण के लिए 1 अरब डॉलर की अनुदान राशि और सहायता शामिल है।इसके अलावा नेपाल ने काठमांडू-महेंद्रनगर एयर कॉरिडोर को दोतरफा करने की मांग रखी है। फिलहाल इस हवाई मार्ग से केवल नेपाल से बाहर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को ही अनुमति मिलती है। नेपाल चाहता है कि इस व्यवस्था में बदलाव कर दोनों दिशाओं में उड़ानों की सुविधा दी जाए।
35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आए बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसमें विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, प्रधानमंत्री के वरिष्ठ सलाहकार और कारोबारी प्रतिनिधि शामिल हैं।
दौरे के दौरान नेपाल-भारत बिजनेस फोरम का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें बालेन शाह की ओर से भारत से नेपाल में निवेश बढ़ाने की मांग किए जाने की उम्मीद है। नेपाल की प्राथमिकता बुनियादी ढांचे, व्यापार और आर्थिक विकास से जुड़े क्षेत्रों में भारतीय निवेश आकर्षित करने की है।
ऊर्जा और कनेक्टिविटी में सहयोग बढ़ाने पर जोर
भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा, व्यापार, परिवहन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाएं हैं। दोनों देशों की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रमुख हैं।बालेन शाह की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देश आपसी संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं। सोमवार को होने वाली मोदी-शाह की बैठक में होने वाले फैसलों पर दोनों देशों की नजर रहेगी।