New Delhi: ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, लैंगिक हिंसा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और उन्हें स्वतंत्र निर्णय लेने में सक्षम बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार 25 नवंबर 2026 से राष्ट्रीय अभियान ‘नई चेतना-पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण ‘नई चेतना 5.0’ की शुरुआत करने जा रही है। यह महीने भर चलने वाला अभियान 23 दिसंबर 2026 तक देशभर में संचालित होगा। इसका आयोजन ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुरू होने वाले इस अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान, विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, विकास भागीदार और देशभर के सामुदायिक संस्थानों से जुड़ी महिला नेता हिस्सा लेंगी। राष्ट्रीय स्तर का शुभारंभ कार्यक्रम दोपहर 2 बजे नई दिल्ली के पूसा स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (NASC) के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा।
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
‘नई चेतना 5.0’ की थीम ‘पहुंच से अधिकार और निर्णय की क्षमता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका एवं समान अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण’ रखी गई है। इस बार अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की केवल सुविधाओं और संसाधनों तक पहुंच बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी, स्वतंत्र आवाजाही और अपने जीवन से जुड़े फैसले लेने में सक्षम बनाना है। अभियान के तहत चार प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान दिलाना, संपत्तियों तक उनकी पहुंच और उन पर नियंत्रण मजबूत करना, सुरक्षित आवाजाही को बढ़ावा देना और अवैतनिक देखभाल कार्यों की जिम्मेदारी का समान बंटवारा शामिल है। इसके जरिए महिलाओं के सामने आने वाली उन बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा, जो उन्हें रोजगार, आजीविका, बाजार, वित्तीय सेवाओं, सार्वजनिक स्थानों और जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने से रोकती हैं। साथ ही महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण और स्वतंत्र रूप से आने-जाने के अवसर बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
15 मंत्रालय मिलकर तैयार करेंगे संयुक्त कार्ययोजना
‘नई चेतना 5.0’ के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में 15 मंत्रालयों और विभागों की भागीदारी वाला संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्श भी जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों और योजनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इस परामर्श के माध्यम से मंत्रालयों और विभागों को अपनी योजनाओं, संस्थागत व्यवस्थाओं और जमीनी नेटवर्क को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप जोड़ने की रूपरेखा दी जाएगी। इससे राष्ट्रीय, राज्य, जिला और सामुदायिक स्तर पर समन्वित प्रयासों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसका फोकस महिलाओं को आजीविका के अवसरों, संपत्ति, वित्तीय सेवाओं, सुरक्षित आवागमन, आवश्यक सुविधाओं और संस्थागत सहायता तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने पर रहेगा।
हिंसा मुक्त गांव पहल के लिए चार पक्षीय समझौता
कार्यक्रम में ‘हिंसा मुक्त गांव’ पहल से संबंधित चार पक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) भी जारी किया जाएगा। इस समझौते पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) ने हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल का उद्देश्य गांवों में लैंगिक हिंसा की रोकथाम और ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए सरकारी विभागों तथा सामुदायिक संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत करना है। इसके तहत महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंच और उपलब्ध संस्थागत सहायता के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही विधिक सेवा प्राधिकरणों और संबंधित सरकारी तंत्र के सहयोग से हिंसा मुक्त गांव बनाने के सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा दिया जाएगा।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिलेगी अहम भूमिका
अभियान को गांवों तक पहुंचाने में स्वयं सहायता समूहों (SHGs), ग्राम संगठनों (VOs), क्लस्टर स्तरीय महासंघों (CLFs), जेंडर रिसोर्स सेंटर (GRCs) और अन्य सामुदायिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कार्यक्रम के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन भी किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं, सहायता प्रणालियों और शिकायत निवारण तंत्र तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। देश के अलग-अलग राज्यों से आईं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला नेता अपने अनुभव और सफल प्रयास साझा करेंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व को मजबूत करना और उन्हें सामुदायिक स्तर पर बदलाव का सक्रिय भागीदार बनाना है।
दो पैनल चर्चाओं में जमीनी चुनौतियों पर होगा मंथन
कार्यक्रम में दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। पहली चर्चा में जेंडर रिसोर्स सेंटर, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य प्रणाली के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विचार किया जाएगा। दूसरी चर्चा में जमीनी स्तर पर काम कर रहीं महिला नेता अपने अनुभव, नवाचार और भविष्य की रणनीतियों पर विचार साझा करेंगी। इन चर्चाओं का उद्देश्य महिलाओं को मिलने वाली सहायता को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाना है।
‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट होगी जारी
कार्यक्रम में पिछले संस्करण यानी ‘नई चेतना 4.0’ की मूल्यांकन रिपोर्ट भी जारी की जाएगी। इसमें अभियान के पिछले अनुभवों, उपलब्धियों और उससे मिली सीख को सामने रखा जाएगा। इन निष्कर्षों के आधार पर आगामी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न राज्यों की सफल कार्यप्रणालियों और अनुभवों पर आधारित वीडियो प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। अभियान के लिए तैयार किए गए नए वीडियो संसाधन भी लॉन्च किए जाएंगे।
2022 से लैंगिक समानता के लिए चल रही है पहल
ग्रामीण विकास मंत्रालय के नेतृत्व में DAY-NRLM के तहत वर्ष 2022 से ‘नई चेतना-पहल बदलाव की’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लैंगिक हिंसा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना, भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देना और ग्रामीण समुदायों में लैंगिक समानता को प्रोत्साहित करना है।
‘नई चेतना 5.0’ में इस पहल को और व्यापक बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों, मंत्रालयों, सामुदायिक संस्थानों तथा विकास भागीदारों के बीच सहयोग बढ़ाया जाएगा। अभियान में पुरुषों, लड़कों और युवाओं की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि महिलाओं के प्रति भेदभावपूर्ण सोच में बदलाव आए और परिवार तथा समाज में समानता एवं साझा जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो सके। इस अभियान का व्यापक लक्ष्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी बनाने तक सीमित न रखकर उन्हें आर्थिक गतिविधियों, संपत्ति से जुड़े फैसलों और सामुदायिक नेतृत्व में बराबर की भागीदारी देना है।