लखनऊ: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू होने जा रही है। इसके लिए दोनों पार्टियों ने वरिष्ठ नेताओं की समन्वय समिति बनाई है। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी और सपा की ओर से रामगोपाल यादव बातचीत की कमान संभालेंगे। सीट शेयरिंग पर बातचीत का पहला दौर दो दिन तक चलने की संभावना है। माना जा रहा है कि दिसंबर के मध्य तक सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला हो सकता है।
प्रमोद तिवारी के आवास पर होगी सपा-कांग्रेस की बैठक
सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के नेताओं की बैठक कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर प्रस्तावित है। इसके लिए सपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी समन्वय समितियां गठित की हैं।समाजवादी पार्टी की ओर से समिति में सांसद रामगोपाल यादव, घोसी से सांसद राजीव राय, कैराना से सांसद इकरा हसन और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल को शामिल किया गया है।वहीं कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रियंका गांधी और रामगोपाल यादव संभालेंगे बातचीत की कमान
दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर वरिष्ठ नेताओं की टीम बनाई गई है। कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी की भागीदारी को इस बातचीत के लिहाज से अहम माना जा रहा है।इससे पहले समन्वय समिति के लिए 'फाइव प्लस टू' का फॉर्मूला तय किया गया था। इसके तहत पांच वरिष्ठ नेताओं के साथ दो डेटा एक्सपर्ट को भी शामिल करने की बात कही गई थी। अब दोनों दलों की ओर से बनाई गई टीम सीटों की संख्या और चुनावी समीकरणों पर चर्चा करेगी।
कांग्रेस ने तैयार की 181 सीटों की लिस्ट
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने पहले 181 विधानसभा सीटों की सूची तैयार की थी और इसे समाजवादी पार्टी के साथ साझा भी किया था। हालांकि, फिलहाल इस पुरानी सूची पर बातचीत नहीं होगी।कांग्रेस की ओर से अब नई सूची तैयार की गई है, जिसके आधार पर सीटों के बंटवारे पर चर्चा की जाएगी।दूसरी तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि किस पार्टी को कौन सी सीट मिलेगी, इसका फैसला जीतने की संभावना के आधार पर होगा।
दिसंबर के मध्य तक सीट शेयरिंग पर लग सकती है मुहर
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर पहले 17 नवंबर को बातचीत शुरू होनी थी। हालांकि, दोनों दलों के बीच समन्वय समिति नहीं बनने के कारण बैठक टाल दी गई थी।अब दोनों पार्टियों ने अपनी-अपनी टीम तैयार कर ली है और औपचारिक बातचीत शुरू होने जा रही है। माना जा रहा है कि दिसंबर महीने के मध्य तक सीटों के बंटवारे पर अंतिम सहमति बन सकती है।
यूपी चुनाव से पहले गठबंधन की रणनीति पर नजर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का तालमेल दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों पार्टियां ऐसी सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश करेंगी, जहां गठबंधन के उम्मीदवार की जीत की संभावना अधिक हो।अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों दल कितनी सीटों पर समझौता करते हैं और चुनावी मैदान में किस पार्टी को कितनी सीटें मिलती हैं।