धार: धार जिले में सोमवार देर शाम भीषण सड़क हादसे में तीन किशोरियों समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बदनावर के कानवन थाना क्षेत्र में ग्राम बिडवाल के पास बिलकेश्वर महादेव मंदिर के सामने हुआ, जहां बाइक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद पिकअप सड़क से नीचे उतरकर पलट गया।
कोटेश्वर मेले में दीपदान करने जा रहे थे चारों
जानकारी के मुताबिक, चारों एक ही बाइक पर सवार होकर कोटेश्वर मेले में दीपदान करने जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम बिडवाल के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही कानवन की 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। चारों घायलों को बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।वहीं, टक्कर के बाद पिकअप सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। उसका चालक वाहन में फंसकर घायल हो गया था। उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही कानवन थाना प्रभारी र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, एसडीएम भी बदनावर सिविल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली।