Bharatpur: भरतपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य (Rajasthan News) और पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह का पत्नी दिव्या सिंह और बेटे अनिरुद्ध सिंह से विवाद अब पंचायत तक आ गया है। पूर्व राजघराने के विवाद को लेकर मंगलवार को जिले में पंचायत हुई, जिसमें विभिन्न समाजों से जुड़े लोग शामिल हुए। अब जल्द ही महापंचायत आयोजित होगी।
मंदिर में 36 कौम की रखी गई थी पंचायत
कुम्हेर के पेंगौर गांव स्थित चामड़ माता मंदिर में 12 बजे पंचायत हुई। करीब सवा घंटे चली पंचायत में लोगों ने निर्णय लिया कि पूर्व राजपरिवार के सदस्य विश्वेंद्र सिंह 36 कौम के रक्षक रहे हैं। उनके साथ अन्याय किया जा रहा है, जिसे 36 कौम सहन नहीं करेगी। कुम्हेर नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह महरावर ने बताया- मंदिर में 36 कौम की पंचायत रखी गई थी। यह पंचायत पूर्व राजपरिवार में चल रहे विवाद में सुलह करवाने के लिए रखी गई थी।
'अनिरुद्ध सिंह का बयान निंदनीय है'
महरावर ने कहा- अनिरुद्ध सिंह का बयान निंदनीय है और उसकी जाट समाज भर्त्सना करता है। पूर्व राजपरिवार केवल जाट समाज का नहीं, बल्कि सभी समाज का है। उन्होंने कहा कि अनिरुद्ध ने कहा था कि वे राजपूत की संतान है, जबकि हम सभी जाट समाज की संतान है। इसके कारण सर्व समाज ने उनके बयानों की निंदा की है।
इन गांवों से शामिल हुए प्रतिनिधि
पंचायत में कौडेर, कासौट, बहज, पैंगौर, महरावर, हिंगौली, बांसरौली, बडेसरा, भटावली, सिकरौरी, रिठौठी, कुम्हेर, पला, दांतलौठी, आंचौली, सौंख, भदिरा, एन्चेरा, गुंसारा, ताखा, भगौररा, रारह, सांतरुक, अजान, सोगर, उभार, बोरई, डेहरा, लखन, दादू गांव सहित करीब 50 गांवों के करीब 500 लोगों की मौजूदगी रही।
सोशल मीडिया के जरिए दिया गया था न्योता
पंचायत में शामिल होने के लिए प्रतिनिधियों (Rajasthan News) को सोशल मीडिया के जरिए न्योता दिया गया था। हालांकि पंचायत के बाद 3 बजे लोगों ने जवाहर फार्म हाउस में विश्वेंद्र सिंह से भी मुलाकात की और उनके समर्थन में अपनी इच्छा जताई। लोगों ने कहा कि वे विश्वेंद्र सिंह के साथ है और उनके परिवार की ओर से किए जा रहे अन्याय को सहन नहीं कर सुलह करवाने का प्रयास करेंगे।