Jaipur: राजस्थान में हुई बारिश के कारण इस साल (Rajasthan Weather Analysis) अप्रैल में गर्मी से राहत रही। रेगिस्तानी और बॉर्डर क्षेत्र में बारिश और आंधी चलने से तापमान कम रहा। पिछले 10 साल की रिपोर्ट देखें तो इस सीजन अप्रैल में सबसे कम गर्मी पड़ी है। राजस्थान के 10 जिले जहां गर्मी ज्यादा रहती है, वहां इस बार तापमान पिछले 10 साल की तुलना में सबसे कम रहा है। इस बार अप्रैल में कोटा में सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। रेगिस्तानी इलाकों बाड़मेर, जैसमलेर को भी कोटा ने पीछे छोड़ दिया।
अप्रैल में आए 5 वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम केन्द्र जयपुर के सीनियर साइंटिस्ट हिमांशु शर्मा के अनुसार, इस बार तापमान सामान्य से कम रहने के पीछे बड़ा कारण लगातार एक्टिव हो रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस है। इस सीजन अप्रैल में 5 वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आए। इनके प्रभाव से राज्य के रेगिस्तानी इलाकों समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई और आंधी चली। अप्रैल में कुल 6.3 एमएम बारिश हुई है, जबकि औसत बारिश 9.6 एमएम होती है।
इस बार अप्रैल में कंट्रोल रही गर्मी
हिमांशु शर्मा ने बताया- राजस्थान में अप्रैल तक अमूमन एक या दो दिन हीटवेव के होते हैं। इस बार अब तक एक भी ऐसा दिन नहीं रहा, जब हीटवेव काउंट हुआ हो। पिछले 12 साल में इस बार पहली बार ऐसा देखने को मिला है, जब अप्रैल में राजस्थान का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा। साल 2023 में भी अप्रैल में गर्मी कंट्रोल रही थी, लेकिन गंगानगर में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
10 साल का टूटा रिकॉर्ड
राजस्थान में सरहदी जिलों में सबसे ज्यादा (Rajasthan Weather Analysis) गर्मी रहती है। इसमें जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, बाड़मेर, गंगानगर शामिल हैं। बीकानेर में 10 साल बाद ऐसा रहा जब दिन का तापमान अप्रैल में 41 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा हो। इस सीजन बीकानेर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, जबकि साल 2013 में भी अप्रैल के महीने का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस था। इसी तरह चूरू में इस सीजन अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि साल 2013 में अप्रैल का यहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं, 2014 से 2023 तक तापमान 42 से लेकर 46 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो चुका है।
जैसलमेर-बाड़मेर में आंधी और बारिश से मौसम ठंडा रहा
राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों बाड़मेर और जैसलमेर में गर्मी का सबसे ज्यादा प्रभाव रहता है। इस बार यहां लगातार एक के बाद एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने से आंधी-बारिश होती रही। तापमान भी कंट्रोल रहा। बाड़मेर में इस सीजन अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। बाड़मेर में 30 में से केवल 9 ही दिन ऐसे रहे, जब पारा 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंचा। इसी तरह जैसलमेर में 30 में से 7 ही दिन ऐसे रहे जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। यहां अप्रैल में सबसे अधिक तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस 10 अप्रैल को दर्ज हुआ था।