Jaipur: राजस्थान में इन दिनों गर्मी तेज है। पारा भी 49 डिग्री सेल्सियस (Rajasthan Weather Update) के करीब पहुंचा है। बाड़मेर, जालोर समेत पाकिस्तान की सीमा से लगते तमाम जिले भयंकर लू की चपेट में आ गए। मौसम विशेषज्ञों की माने तो गर्मी के इस प्रकोप से अगले कुछ दिन तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं, 25 मई से नौतपा (भीषण गर्मी के 9 दिन) शुरू हो रहा है।
ये 22 जिलें रेड अलर्ट पर
मौसम केन्द्र जयपुर ने कल 22 जिलों के लिए रेड अलर्ट, तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 25 से 27 मई तक राजस्थान का 75 फीसदी हिस्सा भीषण गर्मी का दौर देखेगा। इस दौरान अधिकांश शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हो सकता है। वहीं, पानी की कमी और बिजली की सप्लाई भी चुनौती बनी हुई है। गर्मी के कारण प्रदेश के सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट को बदलकर सुबह 5 से 10 बजे तक किया गया है।
इन जिलों में पारा 49 डिग्री के पार
राजस्थान के बाड़मेर जिले में गुरुवार (Rajasthan Weather Update) का अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो साल 2016 के बाद मई का सर्वाधिक तापमान था। 19 मई 2016 में बाड़मेर का तापमान 49.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। उसके बाद साल 2022 में 48.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि अगले एक-दो दिन में बाड़मेर का तापमान 49 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है। राजस्थान में गुरुवार को तेज गर्मी रही। यहां 16 शहरों में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़ 45.4, जैसलमेर 47.5, जोधपुर 47.4, बीकानेर 46.5, सिरोही 44.9, डूंगरपुर 46.8, जालोर 47.3, चूरू 47, गंगानगर 46.1,बारां 46.1, फलोदी 48.6, भीलवाड़ा 46, वनस्थली (टोंक) 45.6, कोटा 47.2 और फतेहपुर में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
3 जून तक रहेगा नौतपा का असर
शनिवार, 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है, ये सोमवार 3 जून तक रहेगा। 25 मई को सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा। इसके साथ ही सूर्य अपने पूरे प्रभाव में आ जाएगा, जिससे गर्मी में बढ़ोतरी होगी। मान्यताओं में इस समय को नौतपा और रोहिणी का तपना भी कहा जाता है।