Jaipur: राजस्थान में धर्म के आधार पर किसी (CM Bhajanlal) को भी आरक्षण नहीं मिलने वाला है। जो संविधान में निर्मित है, उसी आधार पर आरक्षण मिल रहा है। उसी आधार पर मिलेगा, धर्म के आधार पर कोई आरक्षण नहीं मिलेगा। यह बात सीएम भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। सीएम भजनलाल शर्मा गुरुवार को दिल्ली और उत्तर प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर रहे।
इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना
सीएम भजनलाल ने कहा, मुसलमानों को धर्म आधारित आरक्षण देना संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन वाले दलित, ओबीसी और आदिवासियों का हक छीनकर मुसलमानों को देना चाहते हैं, लेकिन बीजेपी ऐसा कभी नहीं होने देगी। देश संविधान से चलता है, तुष्टीकरण से नहीं।
पूर्व सरकार को लेकर कही ये बात
सीएम भजनलाल शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हां, राजस्थान में पिछली सरकार के कामों की जांच हो रही है, होनी भी चाहिए। अगर किसी ने गलत काम किया है तो उसकी जांच भी होनी चाहिए। गौरतलब है कि सीएम भजनलाल शर्मा ने अपनी कैबिनेट की पहली बैठक में पिछली गहलोत सरकार के अंतिम 6 माह के कार्यकाल में लिए गए फैसलों की जांच के लिए मंत्रिमंडलीय कमेटी का गठन किया था। यह कमेटी गहलोत सरकार के अंतिम साल में लिए गए सभी फैसलों का रिव्यू कर रही है। आचार संहिता लगने से पहले कमेटी की करीब तीन बैठकें हो चुकी हैं। कमेटी की रिपोर्ट के बाद सरकार गहलोत सरकार के कुछ फैसले पलट भी सकती है।
दिल्ली में रोड शो और देवरिया में सभा को किया संबोधित
सीएम भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal) ने आज दिल्ली में उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट पर लोकसभा प्रत्याशी योगन्द्र चंदोलिया के समर्थन में रोहिणी में रोड शो किया। इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री कार्यालय में अपनी ही पार्टी की वरिष्ठ नेता के साथ बदतमीजी की गई, तो ये लोग दिल्ली की माताओं-बहनों को सुरक्षा कैसे देंगे। दिल्ली की जनता भाजपा के पक्ष में वोट डालकर इन पाखंडियों को जवाब देगी। इसके बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने उत्तरप्रदेश के देवरिया में बीजेपी प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के जरिए देश को गर्त में धकेला है।
'यह गठबंधन परिवारवाद तक ही सीमित है'
साल 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार में एक से बढ़कर एक भ्रष्टाचार और घोटाले हुए। जिससे किसान, महिला, युवा सहित पूरे देश की जनता त्रस्त रही। कांग्रेस ने दूर-दराज के गांवों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा और शहर व गांव की दूरी को बढ़ाने का काम किया। अभी भी इंडी गठबंधन में फिर से युवराज (राहुल गांधी) को 21वीं बार लॉन्च किया है। यह गठबंधन परिवारवाद तक ही सीमित है।