भोपाल: भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाई दूज का त्योहार आज यानी 11 नवंबर 2026 को मनाया जा रहा है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, अच्छी सेहत और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। वहीं, भाई भी बहनों की रक्षा का वचन देते हैं और उन्हें उपहार भेंट करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाई दूज पर तिलक लगाने का विशेष महत्व है।
भाई दूज 2026 तिलक का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे शुरू हुई थी। इसका समापन आज 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर होगा।
भाई दूज पर भाइयों को तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। यानी बहनों को भाई का तिलक करने के लिए कुल 2 घंटे 10 मिनट का शुभ मुहूर्त मिलेगा।इस दौरान बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतारेंगी और मिठाई खिलाएंगी। साथ ही उनके सुखी, स्वस्थ और लंबी उम्र के जीवन की कामना करेंगी।
भाई दूज पर यमुना स्नान क्यों किया जाता है?
भाई दूज के दिन यमुना नदी में स्नान करने की परंपरा काफी पुरानी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन यमुना में स्नान करना बेहद पुण्यदायी माना जाता है।
पौराणिक कथा के अनुसार, यमराज की बहन यमुना ने एक बार उन्हें अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। यमराज जब अपनी बहन के घर पहुंचे, तो यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और प्रेमपूर्वक भोजन कराया।बहन के स्नेह से प्रसन्न होकर यमराज ने यमुना से वरदान मांगने को कहा। इस पर यमुना ने वरदान मांगा कि हर साल इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक करवाएगा, उसे अकाल मृत्यु का भय नहीं रहेगा।यमराज ने बहन को यह वरदान दे दिया। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यम द्वितीया यानी भाई दूज के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई।
भाई दूज का धार्मिक महत्व
भाई दूज केवल तिलक लगाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्ते का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को घर बुलाती हैं और उनका तिलक कर आरती उतारती हैं।धार्मिक मान्यता है कि भाई दूज के दिन बहन के घर भोजन करने से भाई को सुख, समृद्धि और लंबी उम्र का आशीर्वाद मिलता है। वहीं, बहनें भी अपने भाइयों की खुशहाली और तरक्की की कामना करती हैं।