Apple और WhatsApp अपने यूजर्स की सुरक्षा और प्राइवेसी को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने की तैयारी में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple एक ऐसे एडवांस सिक्योरिटी फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जो iPhone के छिनते ही उसे ऑटोमैटिक रूप से लॉक कर देगा। वहीं WhatsApp भी एक नए ‘Spoiler Message’ फीचर पर काम कर रहा है, जिससे संवेदनशील मैसेज को ब्लर करके भेजा जा सकेगा।
iPhone चोरी होते ही तुरंत होगा लॉक
रिपोर्ट्स के अनुसार, यदि किसी यूजर का iPhone अनलॉक स्थिति में चोरी हो जाता है, तो नया सिस्टम संदिग्ध गतिविधि को पहचानकर कुछ ही सेकंड में डिवाइस को लॉक कर देगा। इससे चोर बैंकिंग ऐप्स, निजी चैट, फोटो और अन्य संवेदनशील जानकारी तक पहुंच नहीं बना पाएंगे। Apple के पास पहले से Find My, Activation Lock और Stolen Device Protection जैसे फीचर्स मौजूद हैं, लेकिन नया फीचर अनलॉक फोन चोरी होने की स्थिति में अतिरिक्त सुरक्षा देगा।
WhatsApp ला सकता है ‘Spoiler Message’ फीचर
WhatsApp भी यूजर्स की प्राइवेसी बढ़ाने के लिए नए फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। इस फीचर के जरिए भेजे गए मैसेज धुंधली (Blur) लेयर के पीछे छिपे रहेंगे। रिसीवर को मैसेज देखने के लिए उस पर टैप करना होगा। यह फीचर OTP, फोन नंबर, पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी साझा करने में मददगार साबित हो सकता है।
कैसे करेगा काम?
रिपोर्ट के मुताबिक, मैसेज टाइप करने के बाद यूजर टेक्स्ट को सेलेक्ट करेगा और मेन्यू में दिखाई देने वाले “Spoiler” ऑप्शन को चुन सकेगा। इसके बाद भेजा गया मैसेज ब्लर रूप में दिखाई देगा, जिसे केवल टैप करके पढ़ा जा सकेगा।
फिलहाल जारी है टेस्टिंग
दोनों फीचर्स अभी टेस्टिंग चरण में हैं और Apple या WhatsApp की ओर से इन्हें लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि टेक विशेषज्ञों का मानना है कि ये फीचर्स आने वाले अपडेट्स में यूजर्स के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।