हल्द्वानी : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड के लोगों को कथित तौर पर सबसे बड़ा घुसपैठिया कहे जाने पर सीएम धामी ने कड़ा ऐतराज जताया। हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस बयान को उत्तराखंड की अस्मिता स्वाभिमान और बलिदान से जोड़ते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा।
उत्तराखंड देवभूमि ही नहीं वीरभूमि भी है
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरभूमि भी है। यहां के लोगों को घुसपैठिया कहना प्रदेश की अस्मिता स्वाभिमान और बलिदान का अपमान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने राज्य निर्माण के लिए लंबा संघर्ष किया है और उनके बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता।
सीएम धामी ने अखिलेश यादव को उनके पिता और उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल की भी याद दिलाई। उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए गोलीकांडों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों पर खटीमा मसूरी और मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में पुलिस की गोलियां चली थीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग उन घटनाओं को आज भी नहीं भूले हैं।
कांग्रेस से भी पूछे सवाल
अखिलेश यादव के बयान को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए इस बयान से सहमत है? उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में हैं इसलिए कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
सीएम धामी के इस बयान के बाद उत्तराखंड की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को प्रदेश के सम्मान और राज्य आंदोलन के इतिहास से जोड़ते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उत्तराखंड की जनता को बताना चाहिए कि उसने प्रदेश के लोगों के लिए क्या किया है। धामी ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस को आगे नहीं आने देगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर उत्तराखंड और देश को शर्मसार करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता के सामने अपने कामकाज का हिसाब देना चाहिए।
उत्तराखंड की राजनीति में बढ़ी बयानबाजी
अखिलेश यादव के कथित बयान और उस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिक्रिया के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। एक ओर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के सम्मान और राज्य आंदोलन के बलिदानों का मुद्दा उठाया वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी घेरा।