हरिद्वार : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026-27 में धान की फसल की उत्पादकता का आकलन करने के लिए जिले में क्रॉप कटिंग प्रयोग किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी CDO डॉ. ललित नारायण मिश्र ने ग्राम कुतुबपुर में धान की क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वयं धान की कटाई भी की।
हरिद्वार तहसील क्षेत्र के ग्राम कुतुबपुर में काश्तकार रमेश सिंह सैनी के खेत संख्या 55/2 में रैंडम पद्धति से धान की क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मौके पर पहुंचकर प्रयोग का निरीक्षण किया और प्रक्रिया में भाग लेते हुए धान की कटाई की। इस प्रयोग के दौरान कुल 12 किलो 700 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
फसल की वास्तविक उत्पादकता का लगाया जा रहा आकलन
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत हरिद्वार जिले के चयनित ग्रामों में क्रॉप कटिंग प्रयोगों का निरीक्षण नामित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। इन प्रयोगों का उद्देश्य फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन करना और उपज से संबंधित सटीक आंकड़े एकत्र करना है।
क्रॉप कटिंग के माध्यम से प्राप्त आंकड़े फसल की पैदावार का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलती है।
जिले में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किए जा रहे इन प्रयोगों से धान की उत्पादकता के वास्तविक आंकड़े जुटाए जा रहे हैं जिससे फसल बीमा योजना के तहत आवश्यक आकलन में सहायता मिल सके।