देहरादून: उत्तराखंड में चार दिन के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। शनिवार रात 8 बजकर 7 मिनट पर उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 11 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले शनिवार दोपहर बागेश्वर में भी 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।
उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप
शनिवार रात उत्तरकाशी जिले में भूकंप के झटके दर्ज किए गए। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भूकंप रात 8:07 बजे आया और इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई। इसका केंद्र जमीन से 11 किलोमीटर की गहराई पर था।
बागेश्वर में भी दोपहर को आया भूकंप
उत्तरकाशी से पहले शनिवार दोपहर बागेश्वर जिले में भी धरती में कंपन दर्ज किया गया। इस भूकंप की तीव्रता 2.8 थी और इसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर बताया गया है।
6 अक्टूबर को चमोली में आया था 4.9 तीव्रता का भूकंप
उत्तराखंड में इससे पहले 6 अक्टूबर की रात करीब 10:23 बजे चमोली जिले में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, इसका केंद्र जमीन से करीब 13 किलोमीटर की गहराई पर था।उस समय भूकंप के झटके उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई थी। दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में भी कंपन महसूस होने की खबरें आई थीं।