फायर सीजन को देखते हुए वन विभाग ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर तैयारियों का जायजा लिया और फायर उपकरणों की गहन जांच की। मसूरी वन प्रभाग कार्यालय में आयोजित फायर मॉक ड्रिल के दौरान सभी विभागों ने संयुक्त रूप से अभ्यास कर आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया।
आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई
इस मॉक ड्रिल में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल नगर पालिका परिषद मसूरी संचार पुलिस पशुपालन विभाग मसूरी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाना और जान-माल की हानि को न्यूनतम करना रहा। प्रभागीय वन अधिकारी अमित कंवर ने बताया कि फायर सीजन शुरू होने वाला है ऐसे में जंगलों में लगने वाली आग की घटनाओं से निपटने के लिए सभी तैयारियों की समीक्षा की गई है। साथ ही फायर उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच भी की गई ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभागों ने आपसी तालमेल का बेहतर परिचय दिया है।
वहीं भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के इंस्पेक्टर जेडी सुनील कुमार ने कहा कि बल आपदा की हर स्थिति से निपटने के लिए सदैव तैयार रहता है। मसूरी क्षेत्र में अधिकतर वन क्षेत्र होने के कारण आग की घटनाओं की संभावना रहती है ऐसे में बल हमेशा सतर्क और तत्पर रहता है।संचार पुलिस देहरादून से आए एसआई महेंद्र भट्ट ने बताया कि आपदा के समय सूचना को कंट्रोल रूम तक शीघ्र पहुंचाना अत्यंत आवश्यक होता है। संचार व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जाता है ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। संयुक्त मॉक ड्रिल के माध्यम से सभी विभागों ने आपसी समन्वय त्वरित प्रतिक्रिया और संसाधनों के प्रभावी उपयोग का प्रदर्शन करते हुए फायर सीजन से निपटने की अपनी तैयारी का परिचय दिया।
Comments (0)