देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तीन राज्यों में अपने जीत का परचम लहराया है। चुनाव के रिजल्ट आने के पांच दिन बाद अभी तक तीनों जीते राज्यों में बीजेपी ने मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सस्पेंस जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है।
राजस्थान के लिए राजनाथ सिंह
राजस्थान के लिए राजनाथ सिंह, सरोज पांडे और विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक बनाया है। मध्य प्रदेश का पर्यवेक्षक मनोहरलाल खट्टर, के लक्ष्मण और आशा लाकड़ा को बनाया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के लिए अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल और दुष्यंत कुमार गौतम को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा
अब पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के बाद रायपुर में बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और नितिन नबीन के साथ विधायकों से रायशुमारी होगी। वहीं जल्द विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद बीजेपी मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है।
सीएम पद के कई दावेदार
वहीं मध्य प्रदेश में सीएम पद के कई दावेदार हैं। शिवराज सिंह चौहान के बाद एमपी में कैलाश विजयवर्गीय, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रहलाद सिंह पटेल और वीडी शर्मा के नाम की भी चर्चा है। प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान ये लोग प्रमुख चेहरे थे। ऐसे में संभावित चेहरों में इनका नाम भी आगे हैं।
प्रह्लाद पटेल भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को बहुमत मिल चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी भी सूबे को थोड़ा और इंतजार करना होगा। मध्य प्रदेश में चुनाव लड़ने वाले पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में से एक हैं। वो भोपाल पहुंचे तो उनसे यही सवाल किया गया कि मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन बनने वाला है। इसका जवाब देते हुए पटेल ने कहा, 'अभी आपको और हमको इंतजार करना होगा।
Comments (0)