भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्हें ‘जेड’ कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई है, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के कमांडो उनकी सुरक्षा करेंगे। भाजपा ने मंगलवार को औपचारिक रूप से नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यालय में नव-निर्वाचित अध्यक्ष का स्वागत और अभिनंदन किया।
पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने
नितिन नबीन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा का स्थान लिया और वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। वह इस पद पर पहुंचने वाले पार्टी के सबसे युवा नेता हैं। इससे पहले, 14 दिसंबर 2025 को 45 वर्षीय नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली स्थित झंडेवालान देवी मंदिर और वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने हनुमान मंदिर में दर्शन किए और गुरुद्वारा बंगला साहिब में श्रद्धापूर्वक मत्था टेका।
बिहार विधानसभा के पांच बार सदस्य रह चुके
नितिन नबीन बिहार विधानसभा के पांच बार सदस्य रह चुके हैं और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री भी रहे हैं। उनकी संगठनात्मक कुशलता और प्रशासनिक अनुभव उन्हें व्यापक रूप से पहचान दिलाते हैं। 23 मई 1980 को झारखंड के रांची में जन्मे नबीन ने कम उम्र में ही चुनावी राजनीति में कदम रखा और 2006 में पटना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने।
कई महत्वपूर्ण विभागों का भी कार्यभार संभाला
2010 से नितिन नबीन लगातार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से जीतते रहे। 2010, 2015, 2020 और 2025 में उन्होंने जीत हासिल की, और इस तरह वे पांच बार विधायक बने। उन्होंने बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में सड़क निर्माण, शहरी विकास, आवास और कानून जैसे महत्वपूर्ण विभागों का भी कार्यभार संभाला।
Comments (0)